आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी का जवाब बल्लेबाज नहीं खोज पा रहे हैं। 19वें सीजन के 57वें मैच में केकेआर के खिलाफ भुवी ने पावरप्ले में एक बार फिर विकेट चटकाए। केकेआर के खिलाफ विकेट लेकर यूपी के तेज गेंदबाज ने इतिहास रच दिया। भुवी ने युजवेंद्र चहल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। आइए जानते हैं इस रिकॉर्ड के बारे में।
News By Ajeet Kumar
Updated:- 15 May 2026 At 12:38 PM
आईपीएल में भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी का तोड़ बल्लेबाजों के पास नहीं है। भारतीय टीम में आखिरी बार साल 2022 में खेलने वाले भुवी ने अपनी गेंदबाजी से आईपीएल में कहल ढहा रखा है। केकेआर के खिलाफ उन्होंने एक नया इतिहास रच दिया।
बारिश के चलते देर से शुरू हुआ मैच
रायपुर में हुई बारिश के चलते आरसीबी और केकेआर का मैच एक घंटे से ज्यादा समय की देरी से शुरू हुआ। आरसीबी ने टॉस जीतकर केकेआर को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। बारिश के चलते पिच में मौजूद नमी का फायदा आरसीबी के तेज गेंदबाजों ने खूब उठाया।
फिन एलन का किया शिकार
स्विंग के मास्टर भुवनेश्वर कुमार ने आरसीबी को पहली सफलता दिलाई। तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर भुवी ने पिछले मैच के शतकवीर फिन एलन को 19 के निजी स्कोर पर आउट किया। अपनी स्विंग गेंद से एलन को बीट किया और विकेट के पीछे जितेश शर्मा ने आसान सा कैच लपका।
युजवेंद्र चहल की कर ली बराबरी
केकेआर के खिलाफ भुवी ने चार ओवर में 34 रन दिए और एक विकेट चटकाया। इस एक विकेट की मदद से भुवी ने आईपीएल में अनोखा इतिहास रच दिया। उन्होंने युजवेंद्र चहल के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। भुवी केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।
जसप्रीत बुमराह भी लिस्ट में शामिल
भुवनेश्वर कुमार ने केकेआर के खिलाफ आईपीएल में कुल 33 विकेट लिए हैं। युजवेंद्र चहल के नाम भी केकेआर के खिलाफ 33 विकेट हैं। तीसरे नंबर पर बुमराह का नाम मौजूद है। बुमराह ने 25 विकेट लिए हैं। चौथे नंबर मौजूद रवींद्र जडेजा ने केकेआर के खिलाफ 25 विकेट चटकाए हैं। पांचवें नंबर पर आर अश्विन का नाम है। अश्विन ने 24 विकेट लिए हैं।
पर्पल कैप पर जमाया है कब्जा
इस सीजन भुवनेश्वर कुमार 12 मैच में कुल 22 विकेट चटका चुके हैं। उनके सिर पर पर्पल कैप मौजूद हैं। रबाडा 21 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अगर भुवनेश्वर कुमार पर्पल कैप जीतने में सफल होते हैं तो वह आईपीएल इतिहास में तीन बार पर्पल कैप जीतने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे।
पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट
इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार आईपीएल के पहले पावरप्ले में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में पहले स्थान पर हैं। भुवनेश्वर ने आईपीएल इतिहास में अभी तक कुल 94 विकेट पावरप्ले में लिए हैं। वहीं, आईपीएल में उनके नाम कुल 220 विकेट दर्ज हैं। वह युजवेंद्र चहल के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंद बन गए हैं।