News By Ajeet Kumar
Updated:- 28 May 2026 At 7:05 AM
- Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026 Runs: वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आतिशी बल्लेबाजी की। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को पछाड़कर हैरतअंगेज इतिहास रचा है।
- धुआं धुआं हुआ जायसवाल का रिकॉर्ड
- एक IPL सीजन में अनकैप्ड प्लेयर द्वारा सबसे ज्यादा रन
वैभव सूर्यवंशी का बुधवार को आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में जमकर बल्ला गरजा। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के युवा ओपनर ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ तूफानी पारी खेली। वह मुल्लांपुर के मैदान पर सिर्फ तीन रनों से शतक से चूके। 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने 29 गेंदों का सामना करने के बाद 97 रन बटोरे, जिसमें 5 चौके और दो छक्के शामिल हैं। उन्हें आठवें ओवर में प्रफुल हिंगे ने पवेलियन की राह दिखाई। हालांकि, 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने शतक से चूकने के बावजूद हैरतअंगेज इतिहास रच डाला। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक सीजन में बतौर अनकैप्ड सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन गए हैं। अनकैप्ड खिलाड़ी उसे कहा जाता है, जिसने कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला।
धुआं-धुआं हुआ यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड
सूर्यवंशी मौजूदा सीजन में 15 मैचों में 680 रन बटोर चुके हैं। उनका औसत 45.33 का स्ट्राइक रेट 242.85 का है। सूर्यवंशी ने अपने सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड धुआं-धुआं किया है। यशस्वी ने आईपीएल 2023 में अनकैप्ड प्लेयर के रूप में 14 मैचों में 625 रन जुटाए थे। यशस्वी को उस साल आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला था। वह अभी तक भारतीय टीम की ओर से 28 टेस्ट, चार वनडे और 23 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। सूर्यवंशी भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से जमकर महफिल लूट रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द टीम इंडिया में शामिल करने की मांग उठ रही है।
एक IPL सीजन में अनकैप्ड प्लेयर द्वारा सबसे ज्यादा रन
680 – वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स, 2026)
625 – यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स, 2023)
616 – शॉन मार्श (किंग्स इलेवन पंजाब, 2008)
573 – रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स, 2024)
549 – प्रभसिमरन सिंह (पंजाब किंग्स, 2025)
सूर्यवंशी ने शतक से चूकने के बावजूद किया कमाल, IPL में 12 साल बाद हुआ ऐसा
वैभव सूर्यवंशी की दमदार पारी के दम पर राजस्थान टीम ने एलिमिनेटर में 243/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आआर को सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (29 गेंदों में 29) के संग 125 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। सूर्यवंशी ने इस दौरान क्रिस गेल का एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा। वह अब तक 65 छक्के मार चुके हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गेल ने आईपीएल 2012 में 59 सिक्स उड़ाए थे। आरआर के लिए विकेटकीपर ध्रुल जुरेल (21 गेंदों में 50) ने आतिशी अर्धशतक जमाया। कप्तान रियान पराग ने 9 गेंदों में 12 रनों का योगदान दिया।