News By Ajeet Kumar
Updated:- 28 May 2026 At 7:37 AM
- वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। 15 वर्षीय बल्लेबाज इस सीजन 53 छक्के लगा चुके हैं और हैदराबाद के खिलाफ सात छक्के लगाते ही नया इतिहास रच देंगे।
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स की टक्कर सनराइजर्स हैदराबाद से होगी। इस अहम मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी। बिहार के इस विस्फोटक बल्लेबाज के पास टी20 क्रिकेट के महान बल्लेबाज क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है।
गेल के रिकॉर्ड से सिर्फ सात छक्के दूर वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन अब तक 14 मैचों में 583 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 232.67 का रहा है। युवा बल्लेबाज ने एक शतक और तीन अर्धशतक भी जड़े हैं। सबसे खास बात यह है कि वैभव इस सीजन अब तक 53 छक्के लगा चुके हैं। वहीं, क्रिस गेल ने आईपीएल 2012 में 59 छक्के लगाकर एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। ऐसे में अगर वैभव हैदराबाद के खिलाफ सात छक्के लगाने में सफल रहते हैं, तो वह गेल का यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
हर 4.7 गेंद में लगा रहे छक्का
वैभव सूर्यवंशी का आक्रामक अंदाज इस सीजन चर्चा का विषय बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक वह हर 4.7 गेंद पर एक छक्का लगा रहे हैं। इतना ही नहीं, उनके कुल रनों में 54 प्रतिशत रन सिर्फ छक्कों से आए हैं। अगर एलिमिनेटर मुकाबले में उनका बल्ला चला, तो वह सिर्फ आईपीएल ही नहीं बल्कि किसी एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं।
डबल सेंचुरी का भी सपना
कुछ दिन पहले वैभव सूर्यवंशी ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उनका अगला लक्ष्य टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड तोड़ना है। फिलहाल यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने साफ कर दिया है कि उनका सपना टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने का है।
हैदराबाद के खिलाफ चुनौती आसान नहीं
एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव के सामने चुनौती आसान नहीं रहने वाली। इस सीजन पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद ने राजस्थान को दोनों मुकाबलों में हराया है। ऐसे में हैदराबाद की टीम लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अगर वैभव इस मैच में बड़ी पारी खेलने में असफल रहते हैं, तो संभव है कि इस सीजन उन्हें गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का दूसरा मौका न मिले