News By Ajeet Kumar
Updated:- 24 May 2026 At 8:26 AM
महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि स्थित रामरेखा घाट का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बक्सर पहुंचे। यहां मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ उन्होंने लाइट एंड साउंड का उद्घाटन किया। हवाई अड्डा मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सीएम सीधे श्री वामनेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने करीब 25 मिनट तक सेंट्रल जेल परिसर स्थित प्रसिद्ध वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना की।शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर रहे सीएम पूरी तरह ध्यानमग्न रहे। यहां से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे रामरेखा घाट गया, जहां रामेश्वरनाथ मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने लाइट एंड साउंड का विधिवत उद्घाटन किया।
महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि स्थित रामरेखा घाट का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इस दौरान उन्होंने रामरेखा घाट पर स्थापित होने वाली प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पेयजल, पाथ-वे, चेंजिंग रूम, गंगा आरती आदि के संबंध में भी जायजा लिया।
सीएम ने लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स और महर्षि विश्वामित्र मंडपम का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीएम को लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं से अवगत कराया। उद्घाटन के बाद सीएम के समक्ष लाइट एंड साउंड के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलकियां प्रदर्शित की गईं। कॉम्प्लेक्स में 5डी थियेटर, टिकट काउंटर, 80 इंडोर एवं 30 आउटडोर क्षमता वाले रेस्टोरेंट, ड्राई डेक फाउंटेन सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सीएम ने लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स रामरेखा घाट से रिमोट के जरिये महाराज स्व. कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने बक्सर नगरी में अवतरित वामन भगवान की ओर से स्थापित शिवलिंग रूप में विद्यमान श्रीवामनेश्वर नाथ के अति प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पंचकोसी कॉरिडोर की उठी मांग
सम्राट चौधरी के बक्सर आगमन पर भगवान वामन चेतना मंच के तत्वाधान में भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय कारा परिसर स्थित वामन भगवान के मंदिर में सीएम ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान वामन चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक सदस्यों ने उनका मंदिर परिसर में भव्य स्वागत किया। वामन चेतना मंच ने सीएम को वामन भगवान का चित्र,अंग वस्त्र व गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। वहीं चार सूत्री मांगों को लेकर मांग पत्र भी सौंपा। प्रमुख मांगे भगवान वामन मंदिर सहित संबंधित पौराणिक स्थलों को जोड़ते हुए भगवान वामन पंचकोसी कॉरिडोर का निर्माण कराया जाए। प्रतिवर्ष राज्यस्तरीय तीन दिवसीय भगवान वामन महोत्सव आयोजित कराया जाए।
वामन जन्मस्थली, सिद्धाश्रम एवं गंगा तट का सौंदर्याकरण एवं पर्यटन विकास किया जाए। भगवान वामन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं हेतु मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाए। इस अवसर पर भाजपा नेत्री वर्षा पांडेय, शिक्षक प्रमोद चौबे, शिक्षक धनंजय मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे