नेपाल के गेंदबाज संदीप लमीछाने ने तोड़ा मिचेल स्टार्क का ODI वर्ल्ड रिकॉर्ड

Sandeep Lamichhane World Record: अगले साल वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट आईसीसी वनडे विश्व कप (ICC ODI World Cup 2027) का आयोजन होना है और तमाम टीमें अभी से इसकी तैयारी में जुट गई हैं। एक तरफ जहां आईपीएल में टी20 क्रिकेट का धमाल जारी है, वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलग-अलग फॉर्मेट में हलचल कम नहीं है। आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 क्वालीफायर्स के मैच में नेपाल और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने आईं और इस मैच में नेपाल के गेंदबाज संदीप लमीछाने ने एक बड़ा वनडे रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

News By Ajeet Kumar

Updated :- 18 May 2026 At 8:25 PM

SCO vs NEP: नेपाल क्रिकेट टीम के स्पिनर संदीप लमीछाने ने अपने करियर में एक ऐसा सोने का तमगा जोड़ लिया है जिसे वो ताउम्र याद रखेंगे। आइए जान लेते हैं कि आखिर उन्होंने वनडे क्रिकेट में कौन सा ऐसा विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।

नेपाल बनाम स्कॉटलैंड वनडे मैच

आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 (क्वालीफायर्स) के 106वें मैच में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम की भिड़ंत मेजबान नेपाल क्रिकेट टीम से हुई। इस मैच में स्कॉटलैंड की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

स्कॉटलैंड के शीर्ष ओपनर को लमीछाने ने बोल्ड किया

स्कॉटलैंड पहले बल्लेबाजी करने उतरी और उसके लिए इन दिनों सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर जॉर्ज मुनसे को नेपाल के स्पिनर संदीप लमीछाने ने चौथे ही ओवर में बोल्ड कर दिया। मुनसे 21 रन ही बना सके।

ब्रैंडन और माइकल ने खेली शानदार पारियां

इसके बाद ब्रैंडन मैकमुलेन और माइकल इंग्लिश ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार साझेदारी की। ब्रैंडने ने 44 गेंदों में 73 रनों की तेज पारी खेली, जबकि माइकल ने 72 गेंदों में 51 रन बनाए जिससे स्कॉटलैंड की पारी संभल तो गई लेकिन ब्रैंडन को जैसे ही संदीप ने आउट किया और साझेदारी टूटी, वैसे ही स्कॉटलैंड की पारी लड़खड़ा गई और 39.1 ओवर में स्कॉटलैंड 194 रन पर ही ऑल-आउट हो गई।

नेपाल के लिए चमके संदीप और ललित

इस दौरान नेपाल के तकरीबन हर गेंदबाज ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सबसे जुदा साबित हुए उनके अनुभवी स्पिनर संदीप लमीछाने और ललित राजबंशी। संदीप ने 10 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि ललित ने 8 ओवर में 32 रन लुटाते हुए 4 अहम विकेट झटके।

संदीप लमीछाने ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

अपने 3 विकेटों के दौरान नेपाल के स्पिनर संदीप लमीछाने ने एक नया विश्व रिकॉर्ड भी बना दिया। अब संदीप लमीछाने वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे जल्दी 150 विकेट पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ा है।

कितने मैचों में संदीप ने पूरे किए 150 विकेट

संदीप लमीछाने ने अपने वनडे करियर के 72वें मैच में 150 विकेट पूरे करने का इतिहास रच दिया है। अब तक ये रिकॉर्ड लंबे समय से मिचेल स्टार्क के नाम था जिन्होंने 77 वनडे मैचों में 150 विकेट लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

संदीप लमीछाने का अंतरराष्ट्रीय करियर

नेपाल के शीर्ष खिलाड़ियों में शुमार संदीप लमीछाने ने अपने वनडे करियर के 72 मैचों की 70 पारियों में 4.39 के शानदार इकॉनमी रेट से 151 विकेट पूरे कर लिए हैं। जबकि उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान 500 रन भी बनाए हैं। इसके अलावा, वो टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में नेपाल के लिए 74 मैचों में 136 विकेट ले चुके हैं।

Leave a Comment